छह हजार छात्राओं ने किया मिशन साहसी का प्रदर्शन

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की ओर से चलाए जा रहे छात्रा आत्मरक्षा अभियान 'मिशन साहसी भव्य प्रदर्शन चम्पा देवी पार्क में सोमवार को हुआ। इसमें करीब 6000 छात्राओं ने आत्मरक्षा के सीखे हुए तकनीकों का प्रदर्शन किया। इसमें 43 शिक्षण संस्थानों की छात्राओं ने भाग लिया।


गोरखपुर महानगर में प्रशिक्षण कार्यक्रम 13 नवंबर से शुरू हुआ था। जिसके तहत गोरखपुर के 43 विद्यालयों में प्रत्येक दिन विशेष प्रशिक्षकों द्वारा 1 घंटे की ट्रेनिंग लगातार 6 दिन तक प्रदान की गई। सोमवार को कार्यक्रम में महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद के सभी कॉलेज, आईटीएम गीडा, सरस्वती शिशु मंदिर संस्थाम, एडी कन्या इंटर कॉलेज, आरपीएम एकेडमी, सेंट्रल एकेडमी, नवल्स एकेडमी, गोरखपुर पब्लिक स्कूल सहित कुल 43 संस्थानों की छात्राएं मौजूद रहीं।


दिल्ली से आई अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी व कॉमनवेल्थ चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक विजेता तूलिका मान ने छात्राओं से कहा कि आज महिलाओं के सशक्तिकरण की बात की जाती है। आज हम देख भी सकते हैं कि देश की रक्षा मंत्री, विदेश मंत्री के साथ साथ स्पेस साइंटिस्ट, शिक्षा, खेल, साहित्य के क्षेत्र में महिलाओं का वर्चस्व दिख रहा है। हमें भी आवश्यकता है कि अपने आप को बेड़ियों से बाहर निकालें। इतना सशक्त बनायें कि हमें किसी से डरने की जरूरत ना हो। बहुत खुशी हुई एक साथ इतनी सारी छात्राओं को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दिया गया है।


स्वागत मंत्री दीपाली श्रीवास्तव ने कहा कि एबीवीपी द्वारा चलाया जा रहा यह मिशन साहसी कार्यक्रम छात्राओं व महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए एक अनूठा प्रयास है। स्वागत अध्यक्ष मधु सर्राफ ने कहा कि भारतीय संस्कृति में महिलाओं का विशेष सम्मान है किंतु कुछ विकृतियों के कारण आज देश समाज में जो कुछ घटनाएं होती हैं, उस सोच के विरुद्ध परिषद ने छात्राओं को स्वावलंबी बनाने हेतु एक प्रयास किया है।


एबीवीपी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रो. उमा श्रीवास्तव ने कहा कि परिषद अपने स्थापना काल से ही युवाओं के बीच कार्य कर रहा है, आज समाज के प्रत्येक क्षेत्र में महिलाएं शीर्ष नेतृत्व पर पहुंच रही हैं। यह संख्या अभी भी पुरुषों से बहुत कम है। परिषद का मानना है कि प्रत्येक छात्रा और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनना पड़ेगा। उन्हें स्वतंत्रता देनी पड़ेगी। महानगर अध्यक्ष डॉ. एनके राना व प्रांत अध्यक्ष डॉ. राज शरण शाही ने परिषद के गतिविधियों के बारे में जानकारी विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम संचालन एवं आभार ज्ञापन महानगर छात्रा प्रमुख अनामिका सिंह ने किया I